#प्रदेश

CG News: तीज मिलन समारोह में CM साय बोले- माताओं-बहनों का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की माताओं-बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं-बहनों की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार मजबूत होगा और प्रदेश के विकास को भी नई गति मिलेगी।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनी है। योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये की राशि सीधे अंतरित की जा रही है। अब तक 31 किस्तों के जरिए 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि कई महिलाएं इस राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, बचत और छोटे स्वरोजगार के लिए कर रही हैं। आर्थिक सहयोग से महिलाओं में आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत हुई है।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल और स्वरोजगार से जोड़ना है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों और छोटे व्यवसायों के जरिए परिवार की आय बढ़ा रही हैं। महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी परिवारों के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही है।

650 करोड़ की लागत से तैयार हो रही फिल्म सिटी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति, परंपराएं और प्राकृतिक सौंदर्य प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इन्हें देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जा रही है। इससे फिल्म निर्माण और शूटिंग की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार तथा प्रतिभा प्रदर्शन के नए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कलाकारों का किया सम्मान

तीज मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक कला एवं संस्कृति को देश-दुनिया में पहचान दिलाने वाले कलाकारों का मुख्यमंत्री ने सम्मान किया। उन्होंने कहा कि लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाएं केवल सांस्कृतिक विरासत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान और सामाजिक जीवन की जीवंत अभिव्यक्ति हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कलाकार अपनी प्रतिभा के जरिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं। सरकार उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते…’ का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में आदिकाल से मातृशक्ति को विशेष सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” का संदेश नारी सम्मान की भारतीय परंपरा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि मां परिवार की पहली शिक्षक और संस्कारों की आधारशिला होती है। माताओं-बहनों के परिश्रम, त्याग और आशीर्वाद से परिवार मजबूत होता है और मजबूत परिवार से सशक्त समाज का निर्माण होता है।

बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल और खाद्य सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में व्यापक काम हुए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के विस्तार का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रही है।

18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति

सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है और प्रतिदिन करीब 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। गांवों तक आवास, पेयजल, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को लेकर बोले CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन, सुरक्षा बलों के प्रयास और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले भय और हिंसा विकास में बाधा बनते थे, वहां अब शांति और विश्वास के साथ विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने लोकगीत से किया अभिनंदन

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि तीज के अवसर पर अपने निवास पर माताओं-बहनों का अभिनंदन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों को याद करते हुए प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया।

इस दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत प्रस्तुत कर माताओं-बहनों का अभिनंदन किया। उनकी प्रस्तुति से समारोह में तीज और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंग और गहरा हो गया।

CM साय ने की गणपति बप्पा की पूजा

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजस्व मंत्री के निवास पर विराजित भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने गणपति बप्पा से छत्तीसगढ़वासियों के सुख, शांति, समृद्धि और प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ केश शिल्पी विकास बोर्ड के अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास, चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, वीणा सिंह सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, कलाकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।