#प्रदेश

स्मृति ईरानी के प्रभारी बनते ही छत्तीसगढ़ में पोस्टर वार, कांग्रेस के निशाने पर महंगाई; अरुण साव ने अमेठी का दिया हवाला

Advertisement Carousel

रायपुर। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा की इस नियुक्ति के बाद कांग्रेस ने स्मृति ईरानी के पुराने संसदीय भाषण और महंगाई के मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर निशाना साधा है।

वहीं, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए स्मृति ईरानी के अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव जीतने का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने के बाद कांग्रेस में उनके नाम को लेकर प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

कांग्रेस ने महंगाई को लेकर जारी किया पोस्टर

कांग्रेस ने स्मृति ईरानी के पुराने बयानों और संसद में दिए गए भाषणों को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी किया। पार्टी ने इसमें गैस सिलेंडर और शक्कर की कीमतों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस की ओर से स्मृति ईरानी के एक पुराने संसदीय भाषण का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर आदिवासियों के विरोध के बावजूद अडानी को काम दिए जाने का आरोप लगाया था।

अरुण साव बोले- अमेठी की हार का खौफ दिख रहा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस को स्मृति ईरानी के नाम से डर लग रहा है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी ने अमेठी में राहुल गांधी को चुनाव में हराया था और अब उनके छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनने के बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस को आशंका है कि अगर उसके सबसे बड़े नेता के खिलाफ स्मृति ईरानी ने चुनाव में जीत हासिल की थी, तो छत्तीसगढ़ में उनके संगठनात्मक दायित्व से क्या असर पड़ेगा।

साव ने गिनाईं स्मृति ईरानी की राजनीतिक खूबियां

स्मृति ईरानी की नियुक्ति पर अरुण साव ने उन्हें अनुभवी और सक्रिय राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी ने केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली है और उनका लंबा राजनीतिक अनुभव है।

साव के मुताबिक, उनके प्रदेश प्रभारी के रूप में आने से संगठनात्मक गतिविधियों में सहयोग मिलेगा। भाजपा ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी बनाया गया है।

निकाय चुनाव को लेकर भी बोले अरुण साव

निकाय चुनाव को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है और पार्टी लगातार जनता के बीच काम करती है। उन्होंने कहा कि 15 निकायों के चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा को अधिकांश निकायों में जीत मिलेगी और इसके पीछे उन्होंने सरकार के कामकाज को आधार बताया।

कांग्रेस बोली- महंगाई के मुद्दे पर स्मृति ईरानी से पूछेंगे सवाल

कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने स्मृति ईरानी की नियुक्ति पर कहा कि महंगाई के मुद्दे को लेकर उनके पुराने आंदोलनों की चर्चा रही है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी जब छत्तीसगढ़ आएंगी तो कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर उनसे सवाल करेगी।

शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस लगातार महंगाई का मुद्दा उठाती रही है। उन्होंने स्मृति ईरानी के पुराने बयानों का हवाला देते हुए 13 रुपये किलो चीनी, 35 रुपये लीटर पेट्रोल और 500 रुपये में गैस सिलेंडर जैसे कथित पुराने वादों को लेकर भाजपा से जवाब मांगने की बात कही।