#प्रदेश

Bilaspur News: अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में बहे, तलाश जारी; SDRF ने संभाला मोर्चा

Advertisement Carousel

बिलासपुर। दयालबंद के मधुबन इलाके में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे पानी में बहकर लापता हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ बच्चों की तलाश शुरू कराई। बाद में SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन तेज किया गया।

नहाते समय गहरे पानी में चले गए दोनों बच्चे

जानकारी के मुताबिक, मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास अरपा नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों नदी के ऐसे हिस्से में पहुंच गए, जहां पानी में गहराई और गड्ढा था। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बहने लगे।

आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पानी में लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी नदी किनारे पहुंच गए।

गोताखोरों के देर से पहुंचने पर नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने बच्चों की तलाश में तेजी लाने की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप था कि हादसे के काफी देर बाद तक गोताखोर नहीं पहुंच पाए। करीब सवा घंटे बाद भी गोताखोरों के नहीं पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।

SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। इसके बाद SDRF की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। नदी के संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम दोनों बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। परिजन नदी किनारे मौजूद हैं और बच्चों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।