Gariyaband Flood: राजिम में बाढ़ के बीच फंसे लोग, नगर सेना ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन; 152 लोगों को सुरक्षित निकाला

गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच राजिम क्षेत्र में बाढ़ का असर बढ़ गया है। रावण गांव और नवापारा के सोमवारी बाजार इलाके में पानी भरने से कई लोग प्रभावित हुए। रावण गांव में एक घर के चारों ओर कमर से अधिक पानी भर जाने के कारण बुधराम साहू फंस गए थे। सूचना मिलते ही गरियाबंद नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
कमर से ज्यादा पानी में फंसे थे बुधराम
ग्राम रावड़, थाना राजिम निवासी बुधराम साहू अपने घर में फंसे हुए थे। घर के चारों तरफ पानी भर जाने और जलस्तर बढ़ने के कारण उनके लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। नगर सेना की टीम करीब एक किलोमीटर तक बाढ़ के पानी के बीच पहुंची और बुधराम साहू को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
रावण में करीब 50 लोगों का रेस्क्यू
राजिम क्षेत्र में बाढ़ के बीच एक अन्य घर में लोगों के फंसे होने की सूचना पर भी रेस्क्यू टीम पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके अलावा रावण गांव के करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में स्थित मोहल्ले में भी पानी भर गया था। यहां से करीब 50 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया।

दो घंटे तक चला बचाव अभियान
रावण गांव और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों में शाम करीब 5 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब दो घंटे तक चले अभियान में नगर सेना के जवानों ने लगातार बचाव कार्य किया और बाढ़ के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
नगर सेना के जवानों ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू अभियान में हवलदार उमेंद्र सिन्हा, कुलेश्वर साहू, नायक वासुदेव निषाद, लांस नायक गोपीचंद ठाकुर, सैनिक मोहन निषाद, भुनेश्वर वर्मा, पन्ना पटेल, दिलीप ठाकुर, दर्शन ठाकुर, सुरेंद्र यादव, सोहन कंवर और नारायण ध्रुव शामिल रहे।
अमलीपदर में 102 लोगों को सुरक्षित निकाला
इधर, अमलीपदर क्षेत्र में भी लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच नगर सेना की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 102 लोगों को सुरक्षित निकालकर उचित स्थान पर पहुंचाया गया।
राजिम और अमलीपदर में 152 लोगों का रेस्क्यू
राजिम क्षेत्र में करीब 50 और अमलीपदर में 102 लोगों समेत कुल 152 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित निकालकर शिफ्ट किया गया। लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने के बीच प्रशासन और नगर सेना की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।





