#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के संकेत, बारिश में आएगी कमी; अब तक सामान्य से 5.6% ज्यादा बरसा पानी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब धीरे-धीरे वापसी की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के 26 सितंबर के अपडेट के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन अब कमजोर पड़ रहा है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, लेकिन अब आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

प्रदेश में सामान्य से 5.6 फीसदी ज्यादा बारिश

एक जून से 26 सितंबर तक छत्तीसगढ़ में कुल 1150.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 1089.6 मिमी है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 5.6 फीसदी अधिक बारिश हुई है। प्रदेश के 14 जिलों में बारिश सामान्य से ज्यादा दर्ज की गई है।

सबसे अधिक बारिश बलरामपुर में दर्ज की गई है। यहां 1551.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 71.1 फीसदी अधिक है। वहीं नारायणपुर में 1720.2 मिमी, गरियाबंद में 1462.1 मिमी, बालोद में 1311.8 मिमी, रायपुर में 1303.6 मिमी और धमतरी में 1301.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

रायपुर में सामान्य से 41.6 फीसदी ज्यादा बारिश

राजधानी रायपुर में भी इस मानसून सीजन बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी ऊपर रहा है। रायपुर में अब तक 1303.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 41.6 फीसदी अधिक है।

गरियाबंद में सामान्य से 35.6 फीसदी, बालोद में 25.7 फीसदी और धमतरी में 22.2 फीसदी अधिक बारिश हुई है। महासमुंद में 24.7 फीसदी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 35 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।वहीं दुर्ग जिले में अब तक 963.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 17.6 फीसदी अधिक है।

इन जिलों में सामान्य से कम बारिश

प्रदेश के कुछ जिलों में अभी भी बारिश की कमी बनी हुई है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सामान्य से 20.3 फीसदी, बीजापुर में 19.1 फीसदी, जबकि सुकमा और बेमेतरा में 17.3-17.3 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। कांकेर में भी सामान्य से 16.9 फीसदी कम बारिश हुई है।

सबसे कम बारिश वाले जिले:

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी — 20.3% कम
बीजापुर — 19.1% कम
सुकमा — 17.3% कम
बेमेतरा — 17.3% कम
कांकेर — 16.9% कम