#crime #प्रदेश

लॉरेंस गैंग रंगदारी केस: जमानत के बाद शोएब ढेबर की फिर गिरफ्तारी की तैयारी, पुलिस ने शुरू की तलाश

Advertisement Carousel

 

रायपुर। 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में रायपुर पुलिस ने जांच का शिकंजा और कस दिया है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग के नाम पर धमकी देने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। चार दिन पहले निचली अदालत से जमानत मिलने के बाद पुलिस ने CJM कोर्ट में पुन: गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें शोएब की तलाश में जुटी हैं।

एसीपी आरके साहू ने शोएब ढेबर की तलाश किए जाने की पुष्टि की है। शोएब रायपुर के पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता एजाज ढेबर का भतीजा है।

विदेशी नंबर से आया था 25 करोड़ की रंगदारी का मैसेज

मामला 14 सितंबर से शुरू हुआ, जब आनंद कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी वर्चुअल नंबर से WhatsApp मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।

मैसेज में रकम नहीं देने पर कुकरेजा और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। शिकायत के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस और साइबर सेल ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की।

WhatsApp ट्रेस हुआ तो जांजगीर-चांपा से खुला पहला लिंक

जांच के दौरान रायपुर पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से WhatsApp मैसेज से जुड़े तकनीकी इनपुट जुटाए। इसके बाद जांजगीर-चांपा के एक युवक को पकड़ा गया।

पूछताछ में सामने आए इनपुट के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर को भी जांच के दायरे में लिया। पुलिस ने उसे 26 सितंबर की रात एक कार्यक्रम से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया था। इस दौरान उसके पास से 5 आईफोन जब्त किए जाने की बात सामने आई थी।

अब जमानत के बाद फिर गिरफ्तारी की तैयारी

शोएब को इस मामले में निचली अदालत से चार दिन पहले जमानत मिल गई थी। इसके बाद पुलिस ने CJM कोर्ट में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए आवेदन किया।

पुलिस की दलीलों पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुन: गिरफ्तारी की अनुमति दे दी। इसके बाद पुलिस ने शोएब की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं। पुलिस अब मामले में सामने आए सभी कनेक्शन और डिजिटल सबूतों को जोड़ने में जुटी है।

पूर्व मेयर एजाज ढेबर को भी मिला था 50 करोड़ का धमकी भरा मैसेज

जांच में पुलिस को एक और अहम कड़ी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, शोएब के चाचा और पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी पहले इसी तरह का धमकी भरा मैसेज मिला था।

बताया जा रहा है कि उस मैसेज में 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि एजाज ढेबर को भेजे गए मैसेज के कंटेंट को कथित तौर पर कॉपी किया गया और नाम बदलकर आनंद कुकरेजा को भेजा गया।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एजाज ढेबर को धमकी देने के पीछे कौन लोग थे और दोनों मामलों के बीच क्या कनेक्शन है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस पुराने मामले का खुलासा भी जल्द हो सकता है।

भाजपा नेता के भांजे समेत कई लोगों से पूछताछ

जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने एक भाजपा नेता के भांजे टीनू भारद्वाज और एक होटल के कुछ कर्मचारियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है।

पुलिस को संदेह है कि इंटरनेट कॉलिंग के लिए हॉटस्पॉट और कुछ डिवाइस उपलब्ध कराने में इनकी भूमिका हो सकती है। हालांकि, इनकी भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस

अब रायपुर पुलिस के सामने दो अहम पहलू हैं—पहला, शोएब ढेबर को दोबारा गिरफ्तार करना और दूसरा, 25 करोड़ की रंगदारी के पीछे कथित पूरे नेटवर्क का पता लगाना।

इसके साथ ही पुलिस एजाज ढेबर को पहले मिली धमकी और आनंद कुकरेजा को भेजे गए मैसेज के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।