#प्रदेश

Chhattisgarh: बंदरों के झुंड पर चलीं गोलियां, 22 से ज्यादा की मौत… फसल बचाने रखवारों ने किया अंधाधुंध फायरिंग का दावा

Advertisement Carousel

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से बंदरों की सामूहिक मौत का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फसलों को बंदरों से बचाने के लिए रखवारों द्वारा बंदरों के झुंड पर कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। घटना में अब तक 22 से ज्यादा बंदरों की मौत की जानकारी सामने आई है। मामला सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम जांच में जुट गई है।

फसल बचाने के लिए बंदरों पर चलाईं गोलियां?

मिली जानकारी के मुताबिक मामला बेमेतरा के देवगांव का बताया जा रहा है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्रामीणों ने फसलों की रखवाली के लिए कुछ रखवार तैनात किए थे। आरोप है कि फसल को बंदरों से बचाने के लिए इन्हीं रखवारों ने बंदरों के झुंड पर गोलियां चला दीं। इस घटना में बड़ी संख्या में बंदरों की मौत हो गई।

एक साथ इतनी संख्या में बंदरों की मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों और जीव प्रेमियों में भी नाराजगी है। लोगों ने मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इलाके की रेंजर ने बंदरों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मृत बंदरों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के जरिए मौत के वास्तविक कारण और बंदरों को किस हथियार से गोली मारी गई, इसकी भी जांच की जाएगी।

सोशल मीडिया से मिली पुलिस को जानकारी

बेमेतरा एएसपी हरीश यादव के मुताबिक, पुलिस को घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बंदरों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और फायरिंग किसने की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।