25 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर फरार, पुलिस ने घोषित किया 5 हजार रुपये का इनाम

रायपुर। कांग्रेस नेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
सूचना देने वाले को मिलेगा 5 हजार रुपये का इनाम
पुलिस की ओर से जारी इनाम उद्घोषणा के मुताबिक, तेलीबांधा थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 में शोएब ढेबर फरार है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा।
इनाम देने या न देने तथा इनाम की राशि के वितरण का अंतिम निर्णय पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र, रायपुर द्वारा किया जाएगा।
पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर
शोएब ढेबर के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर इन नंबरों पर पुलिस से संपर्क किया जा सकता है—
सहायक पुलिस आयुक्त, सिविल लाइन: 94252-62002
थाना प्रभारी, तेलीबांधा: 99074-71911
निरीक्षक सतीश सिंह: 94061-17235
विदेशी नंबर से आया था धमकी भरा WhatsApp मैसेज
पुलिस के मुताबिक, मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए कथित तौर पर धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।
आरोप है कि धमकी देने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
मामले की शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
पांच iPhone किए गए थे जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान शोएब ढेबर को पकड़ा था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच iPhone जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी। आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था।
बाद में पुलिस ने मामले में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए 28 सितंबर को नियमित अदालत में आवेदन किया, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद से पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी के दोबारा किसी अपराध में शामिल होने की आशंका को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।




