#प्रदेश

Surajpur Crime: जिला जेल में दोहरे हत्याकांड के आरोपी ने उठाया आत्मघाती कदम! हाथ पर मिले धारदार हथियार से कटने के निशान

Advertisement Carousel

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला जेल में बंद दोहरे हत्याकांड के आरोपी के हाथ में धारदार वस्तु से कटने के निशान मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। चोट लगने की जानकारी मिलते ही आरोपी को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दोबारा जेल भेज दिया गया। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है।

मां-बेटे की हत्या का आरोपी है प्रवेश कुमार

जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रवेश कुमार को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। उस पर केशवनगर में एक शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पैसों का लालच वजह बताई जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में सूरजपुर जिला जेल भेज दिया गया था।

हाथ पर मिले कटने के निशान

जेल में बंद रहने के दौरान प्रवेश कुमार के हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसके हाथ पर किसी धारदार वस्तु से कटने के निशान मिले हैं।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

प्रारंभिक जानकारी में आत्महत्या के प्रयास की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आरोपी को चोट कैसे लगी और उसके पास धारदार वस्तु कैसे पहुंची, इसे लेकर स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को अस्पताल से छुट्टी दे दी, जिसके बाद उसे वापस जिला जेल भेज दिया गया।