#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में EOW का बड़ा एक्शन: शराब, कोल लेवी और मेडिकल घोटाले में 6 जिलों के 16 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों के खिलाफ राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई की। शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और मेडिकल घोटाले से जुड़े मामलों में EOW की टीम ने प्रदेश के 6 जिलों में एक साथ 16 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने वित्तीय अनियमितताओं, कथित अवैध लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, संपत्तियों की रजिस्ट्री के कागजात, डिजिटल उपकरण समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

शराब घोटाले में रायपुर और राजनांदगांव के 6 ठिकानों पर तलाशी

शराब घोटाले से जुड़े अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत EOW ने रायपुर और राजनांदगांव जिले के कुल 6 स्थानों पर तलाशी ली। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज है। तलाशी के दौरान जांच टीम ने वित्तीय अनियमितताओं और संबंधित लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जुटाए।

कोल लेवी घोटाले में 4 जिलों में कार्रवाई

कोल लेवी घोटाले से संबंधित अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत EOW की टीम ने कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जिलों के 6 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है।

मेडिकल घोटाले में रायपुर-गरियाबंद के 4 ठिकाने खंगाले

मेडिकल घोटाले से जुड़े अपराध क्रमांक 05/2025 के तहत रायपुर और गरियाबंद जिलों के कुल 4 स्थानों पर तलाशी ली गई। इस प्रकरण में भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

दस्तावेज और डिजिटल उपकरण मिले, जांच जारी

EOW के मुताबिक, तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों, संपत्तियों की रजिस्ट्री से जुड़े कागजात और डिजिटल उपकरणों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। जांच एजेंसी के अनुसार, तलाशी में सामने आए नए तथ्य और साक्ष्य इन मामलों में पहले से स्थापित साक्ष्यगत कड़ियों को और मजबूत कर सकते हैं।

ब्यूरो ने कहा है कि आरोपितों की भूमिका और उनके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल जांच एजेंसी बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है।