#प्रदेश

दुर्ग में BJP की रैली से जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला, बोले- चुनाव जीतें तो सब ठीक, हारें तो चुनाव आयोग खराब; CM साय ने भी साधा निशाना

Advertisement Carousel

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आयोजित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। दिल्ली में 1 नवंबर को कांग्रेस के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के जवाब में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में जीत मिलने पर सब कुछ ठीक बताती है, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने कहा कि आज देश को इसी तरह की अराजकता से बचाने की जरूरत है।

महेश कॉलोनी में आयोजित इस सभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री विनय जायसवाल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

‘चुनाव जीतें तो होशियार, हारें तो चुनाव आयोग खराब’

जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब चुनाव जीतते हैं तो सब कुछ सही लगता है, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग को खराब बताने लगते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव ईवीएम या बैलेट से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से जीते जाते हैं।

उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि देश में पहली बार यह प्रक्रिया नहीं हो रही है। उनके मुताबिक, पहले अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में भी एसआईआर कराया गया था और अब दूसरी बार यह प्रक्रिया हो रही है। नड्डा ने दावा किया कि 2 करोड़ 13 लाख ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जो अनुपस्थित थे या देश के नागरिक नहीं थे।

‘घुसपैठियों के भरोसे चुनाव जीतना चाहती है कांग्रेस’

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारत की जनता के भरोसे चुनाव जीतना नहीं चाहती, बल्कि घुसपैठियों के सहारे सत्ता में आना चाहती है। उन्होंने कहा कि सीमा से लगे नौ जिलों में वोट प्रतिशत बढ़ा है।

नड्डा ने इंडिया गठबंधन के नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि जो दल और नेता लंबे समय से चुनाव नहीं जीत पाए, वे चुनाव में चोरी के आरोप लगा रहे हैं।

‘लोकतंत्र की दुहाई देने वालों ने ही लगाया था आपातकाल’ : CM साय

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के लोग उन ताकतों के खिलाफ एकत्रित हुए हैं, जो देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं।

सीएम साय ने कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वालों ने ही देश में आपातकाल लगाया था। उस दौरान लोगों को जेल में डाला गया और मीडिया पर सेंसरशिप लागू की गई। उन्होंने धारा 356 के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव जीतने पर ये लोग कोई विरोध नहीं करते, लेकिन हारने के बाद चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोहरे चरित्र वाले लोग ही देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। जनता उनके इरादों को समझती है और वे अपने मकसद में सफल नहीं होंगे।