#प्रदेश

जेल में रामगोपाल अग्रवाल से मिले भूपेश बघेल, बोले- सरकार ने गलत तरीके से किया बंद; 6 में से 2 मामलों में मिली जमानत

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे। यहां उन्होंने जेल में बंद कांग्रेस नेता और पार्टी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। जेल के भीतर दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद भूपेश बघेल ने रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी और जेल में बंद रखे जाने को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

भूपेश बघेल ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं और सरकार ने उन्हें गलत तरीके से जेल में बंद कर रखा है। मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

शराब घोटाले में जमानत, फिर भी जेल से रिहाई नहीं

दरअसल, शराब घोटाला मामले में 5 नवंबर को बिलासपुर हाईकोर्ट से रामगोपाल अग्रवाल को जमानत मिल चुकी है। हालांकि, कोल घोटाले सहित अन्य मामलों में आरोपी होने के कारण उनकी रिहाई फिलहाल नहीं हो सकी है। शराब घोटाले में जमानत मिलने के बावजूद दूसरे मामलों में राहत नहीं मिलने से उन्हें जेल में ही रहना पड़ रहा है।

6 मामलों में से 2 में मिली जमानत, 4 अभी लंबित

बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं। इनमें से दो मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है, जबकि चार मामले अभी लंबित हैं। इन चारों मामलों में जमानत मिलने के बाद ही उनकी जेल से रिहाई संभव हो सकेगी।

फैजल रिजवी का दावा है कि किसी भी एफआईआर में रामगोपाल अग्रवाल का नाम दर्ज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से अपराध में शामिल एक आरोपी के बयान के आधार पर उन्हें मामले में फंसाया गया है। बचाव पक्ष ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए कहा कि कांग्रेस का कोषाध्यक्ष होने के कारण रामगोपाल अग्रवाल को निशाना बनाया जा रहा है।