#crime #प्रदेश

रायपुर में सनसनी: किराये के मकान में मां-बेटे के शव मिलने से हड़कंप, 3-4 दिन से थे लापता; कमरे से आ रही थी बदबू

Advertisement Carousel

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक किराये के मकान में मां और बेटे के शव बरामद हुए। छोटा अशोक नगर स्थित मकान में 52 वर्षीय जय जी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख मृत अवस्था में मिले। दोनों पिछले करीब चार साल से मकान में किराये पर रह रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे। कमरे से तेज बदबू आने के बाद घटना का खुलासा हुआ।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, कमरे में मिले दो शव

जानकारी के अनुसार, मां-बेटे के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और कमरे से बदबू आने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में दोनों के शव मिले। महिला का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि बेटे का शव बिस्तर पर मिला।

ऑनलाइन टीचिंग करती थी मां, लंबे समय से बीमार था बेटा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं। वहीं, उनका बेटा हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। दोनों पिछले कुछ दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। गुढ़ियारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

फिलहाल मां-बेटे की मौत की वजह रहस्य बनी हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।