CG Accident News : कटघोरा में भीषण सड़क हादसा, खड़ी यात्री बस को ट्रेलर ने मारी टक्कर, 2 की मौत, 4 गंभीर

कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-130 पर सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर जांच शुरू कर दी।
बाथरूम जाने के लिए ढाबे के पास रोकी थी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित अनूप ढाबा के पास हुआ। रॉयल ट्रेवल्स की बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कुनकुरी से रायपुर जा रही थी। तड़के करीब 3 बजे यात्रियों के बाथरूम जाने के लिए चालक ने बस को हाईवे किनारे रोक दिया था। इसी दौरान पीछे से गेहूं से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर आया और चालक नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रेलर ने खड़ी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
बस के पिछले हिस्से में बैठे दो यात्रियों की मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीछे की सीटों पर बैठे दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




