महिला कलाकारों के साथ मंच पर थिरके छत्तीसगढ़ के विधायक, वीडियो वायरल होते ही गरमाई सियासत

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में भाजपा के एक विधायक का महिला कलाकारों के साथ मंच पर डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वीडियो बेमेतरा जिले के मारो नगर पंचायत क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसमें विधायक छत्तीसगढ़ी गानों पर महिला नर्तकियों के साथ मंच पर थिरकते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा विधायक पर निशाना साधा है। हालांकि, द स्तम्भ इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के मुताबिक, मारो नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी शामिल हुए थे। उनके कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद सांस्कृतिक आयोजन शुरू हुआ। इसी दौरान विधायक मंच पर पहुंचे और छत्तीसगढ़ी गीतों की धुन पर महिला कलाकारों के साथ डांस करने लगे। वायरल वीडियो में मंच पर मारो नगर पंचायत का बैनर भी दिखाई दे रहा है।
वीडियो वायरल होते ही आमने-सामने आए भाजपा-कांग्रेस
विधायक के डांस का वीडियो एक्स समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसे लेकर कांग्रेस ने भाजपा विधायक को घेरते हुए जनता के मूलभूत मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, विधायक के समर्थक इस पूरे घटनाक्रम को स्थानीय लोक संस्कृति से जुड़ाव और आम जनता के बीच सहज भागीदारी बता रहे हैं। फिलहाल वीडियो को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।




