Big News : CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

लखनऊ/पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और करीबियों में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मई में मां से मिलने गांव पहुंचे थे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। सात मई को अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान सीएम योगी पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ परिजनों से मुलाकात भी की थी।
अगले दिन आठ मई को कार्यक्रमों के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था। अब यही मुलाकात उनकी मां के साथ आखिरी मुलाकात बन गई।
परिवार से गहरा जुड़ाव, लेकिन सीमित रही मुलाकातें
संन्यास के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारिवारिक मुलाकातें कम ही हो पाती थीं। इसके बावजूद उनका अपने पैतृक गांव और परिवार से भावनात्मक जुड़ाव बना रहा। मई में मां से हुई मुलाकात की तस्वीरें और यादें अब परिवार के लिए बेहद भावुक कर देने वाली हैं।
सीएम धामी ने जताया शोक
सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और प्यार जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
सीएम धामी ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।




