#प्रदेश

देवेंद्र यादव की कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पद से छुट्टी, भूपेश बघेल के OSD की पोस्ट- ‘बाप तो बाप होता है’

Advertisement Carousel

रायपुरः कांग्रेस के संगठनात्मक फेरबदल के बीच छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय सचिव पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। इस फैसले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी की सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों को और हवा दे दी है। पोस्ट में लिखा गया है- ‘बाप तो बाप होता है।’

देवेंद्र यादव को लंबे समय तक भूपेश बघेल का करीबी और समर्थक माना जाता रहा है। ऐसे में उनकी संगठनात्मक जिम्मेदारी खत्म होने और ओएसडी की इस पोस्ट को लेकर कई तरह के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि, पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन इसके समय को देखते हुए इसे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

नई सूची में देवेंद्र यादव का नाम गायब

कांग्रेस संगठन में बड़े स्तर पर हुए बदलाव के तहत संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 25 राष्ट्रीय सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनके मौजूदा दायित्वों से मुक्त करने की सूची जारी की है। इस सूची में देवेंद्र यादव का नाम भी शामिल है। वह अब तक गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

देवेंद्र यादव की जगह कांकेर के कांग्रेस नेता नरेश ठाकुर को गुजरात PCC का नया प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है।

नई टीम में 43 नए चेहरों को मिली जगह

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद पार्टी ने विभिन्न राज्यों और विभागों के लिए 81 राष्ट्रीय सचिवों की नई टीम घोषित की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई सूची में 43 नए चेहरों को शामिल किया गया है।

इस फेरबदल के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक समीकरणों और नेताओं के बीच कथित गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर देवेंद्र यादव की जिम्मेदारी खत्म होने और भूपेश बघेल के ओएसडी की पोस्ट को जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पोस्ट के पीछे की वास्तविक मंशा स्पष्ट नहीं है।