Gariaband News: उदंती टाइगर रिजर्व में वन विभाग-पुलिस टीम पर हमला, TI समेत 4 घायल

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के जंगल में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान भीड़ ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसमें खल्लारी थाना प्रभारी (TI) टुमनलाल डडसेना समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो महिला वनरक्षक और एक सुरक्षा श्रमिक शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है।
102 हेक्टेयर वनभूमि से कब्जा हटाने पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार, घटना उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के आरसीकन्हार रेंज के अंतर्गत करका गांव के जंगल में हुई। यह इलाका महानदी के उद्गम स्थल के आसपास स्थित है। वनभूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन के 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी।
प्रशासन की ओर से करीब 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों और अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। विरोध स्वरूप वन विभाग का पुतला भी जलाया गया।
विरोध के दौरान हिंसक हुआ माहौल, TI समेत चार घायल
बताया जा रहा है कि जब अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, तो भीड़ उग्र हो गई। इसके बाद संयुक्त टीम पर हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, महिला वनरक्षक परमेश्वरी, महिला वनरक्षक ललिता और सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
वन विभाग की शिकायत पर खल्लारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हमले और मारपीट के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
एक दशक से जारी था वनभूमि पर अतिक्रमण
प्रशासन के अनुसार, इस इलाके में पिछले करीब एक दशक से वनभूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा था। इस दौरान बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई कर आरक्षित वन क्षेत्र में कब्जा किए जाने की बात सामने आई है। इसी अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया था।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई जारी है।




