#प्रदेश

धान के कटोरे के चावल की अब यूरोप में होगी ब्रांडिंग, बार्सिलोना में छत्तीसगढ़ ने बढ़ाए कदम; किसानों को मिलेगा वैश्विक बाजार

Advertisement Carousel

रायपुर। धान के कटोरे के नाम से प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को यूरोपीय बाजारों तक पहुंचाने और उनकी वैश्विक ब्रांडिंग के लिए स्पेन के बार्सिलोना में अहम व्यावसायिक चर्चा हुई। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कृषि उत्पादों के प्रचार-प्रसार और निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की।

बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय संस्था के साथ हुई बैठक
छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक की। इसमें कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि राहुल देव भी शामिल हुए। इस अवसर पर भारत के काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया आर्स निसार भी उपस्थित रहे।

जवाफूल, जीराफूल और दुबराज चावल को मिलेगी वैश्विक पहचान
बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग, वैश्विक प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। फिरा बार्सिलोना के सीईओ जेप्टरो ने छत्तीसगढ़ सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित प्रदेश के अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग का भरोसा जताया।

गौरतलब है कि यह संस्था भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने की दिशा में काम करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को भी विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं।

जीआई टैग वाले चावलों को मिलेगा बेहतर बाजार
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खास खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए पहचाने जाते हैं। प्रदेश के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) भी प्राप्त है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी ब्रांडिंग से किसानों को अपनी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावना है। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सकता है।

2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार कर रही है। छत्तीसगढ़ शासन ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह चर्चा राज्य के कृषि निर्यात को नए बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल सकता है लाभ
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में हुई इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों में पहचान दिलाने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय विपणन, गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को प्रोत्साहन मिलने से किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लाभ पहुंचने की उम्मीद है।

धान के कटोरे से वैश्विक बाजार तक छत्तीसगढ़ की यह पहल प्रदेश की समृद्ध कृषि विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के साथ किसानों के लिए नए व्यावसायिक अवसर खोलने की दिशा में एक कदम है।