#प्रदेश

CM विष्णुदेव साय के जनदर्शन में उमड़ी भीड़, मिले 2 हजार से ज्यादा आवेदन; बुजुर्गों को तत्काल मिला श्रवण यंत्र, बच्चे के इलाज के निर्देश

Advertisement Carousel

रायपुर। लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। किसी ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई, तो किसी ने जमीन विवाद और निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में 2 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में 2 हजार से ज्यादा आवेदन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि लंबे अंतराल के बाद आयोजित जनदर्शन में 2 हजार से अधिक आवेदन मिले हैं। इनमें आर्थिक सहायता, निर्माण कार्य, भूमि विवाद समेत कई तरह की समस्याएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

83 वर्षीय बुजुर्ग को तत्काल मिला श्रवण यंत्र और चश्मा

जनदर्शन में जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्काल व्यवस्था भी की गई। कोरबा निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर करीब 30 वर्षों से सुनने की समस्या से परेशान थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्हें तत्काल श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराया गया। राहत मिलने पर बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

वहीं, भाटापारा निवासी बलवंत यादव को भी श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। साथ ही उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए गए।

छह साल के छयांश के इलाज की होगी व्यवस्था

जनदर्शन में रायपुर के छह वर्षीय छयांश की समस्या भी मुख्यमंत्री के सामने पहुंची। बच्चे के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जरूरतमंद दिव्यांगों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल भी प्रदान की गई।

अधिकारियों को जल्द समस्याएं सुलझाने के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनदर्शन में पहुंचे सभी आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की गंभीरता से जांच करने और नियमानुसार जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लंबे समय बाद आयोजित इस जनदर्शन में लोगों की अच्छी-खासी मौजूदगी रही।