Close

आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर भाजपा का चक्काजाम, रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह भी फंसे

अंबिकापुर। बस्तर में भाजपा नेताओं की नक्सलियों द्वारा हत्या के विरोध में सरगुजा संभाग में भाजपा ने आधा दर्जन स्थानों पर चक्काजाम किया। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चक्काजाम के कारण अंबिकापुर से बिलासपुर, रायगढ़, गढ़वा, अनूपपुर, बनारस मुख्यमार्ग में दो घंटे आवागमन प्रभावित रहा। इस दौरान बलरामपुर में चक्काजाम कर रामानुजगंज वापस लौट रहे विधायक बृहस्पति सिंह स्वयं भाजपा के चक्काजाम में फंस गए। किसी तरह भाजपाइयों को धक्का-मुक्की कर उनका काफिला रवाना हुआ।

बस्तर में भाजपा नेताओं की हत्या के विरोध में भाजपा के प्रदेश व्यापी चक्काजाम का सरगुजा संभाग में खासा असर रहा। सरगुजा, बलरामपुर एवं सूरजपुर जिलों मेंं भाजपा ने आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक दो घंटे का चक्काजाम रखा और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मुख्यमार्गां में यात्री वाहनों के साथ मालवाहक वाहन फंसे रहे।

धरने से लौट रहे विधायक भी फंसे- बलरामपुर एसपी एवं पुलिस के खिलाफ धरना देकर लौट रहे रामानुजगंज के विधायक का काफिला भी चक्काजाम में फंस गया। विधायक अपने काफिले के साथ रामानुजगंज लौटने के लिए रवाना हुए थे। वे भाजपा के चक्काजाम में फंस गए। उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने भाजपाईयों से धक्कामुक्की कर उन्हें हटाया और किसी तरह बृहस्पति सिंह के काफिले को रवाना किया गया।

scroll to top