Close

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का यूपी प्रवेश आज

दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में स्थित हनुमान मंदिर से चलेगी और दोपहर में गाजियाबाद में दाखिल होगी। यूपी में दो दिन की यात्रा में राहुल गांधी तीन लोकसभा व छह विधानसभा को साधेंगे। गाजियाबाद के रास्ते यह यात्रा पश्चिम के ही कुछ जिलों से गुजरेगी, लेकिन पूरे प्रदेश से लोगों को बुलाया गया है। कांग्रेस ने पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अलावा प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं और छोटे दलों के प्रतिनिधियों को भी यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया गया है। कांग्रेस का प्रयास है कि यात्रा के जरिए अपनी ताकत दिखाने के साथ ही विपक्षी एकता का अवसर भी इसे बनाया जाए।

यूपी में कांग्रेस की यात्रा की शुरुआत गाजियाबाद जिले की लोनी विधानसभा से होगी, जो गाजियाबाद लोकसभा का हिस्सा है। जहां राहुल गांधी तीन जनवरी को सभा को संबोधित करेंगे, लेकिन उनके पूरे दो दिन यूपी की राजनीति के लिहाज से सबसे अहम बागपत व शामली में बीतेंगे। जाटलैंड के नाम से पहचान रखने वाले दोनों जिलों में कांग्रेस की काफी लंबे समय से राजनीतिक पकड़ मजबूत नहीं हो रही है।

जहां बागपत लोकसभा से वर्ष 1996 में आखिरी बार चौधरी अजित सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत दिलाई थी। उसके बाद वह लगातार रालोद से चुनाव लड़ते रहे। वहीं शामली जिले की कैराना लोकसभा सीट पर कांग्रेस से आखिरी बार 1984 में अख्तर हसन सांसद रहे है। इस तरह बागपत में 27 साल तो कैराना में 39 साल से कांग्रेस को अपनी खोई जमीन नहीं मिल सकी है। अब भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस को जाटलैंड के बड़े किसान संगठन भाकियू का साथ मिलने से कुछ उम्मीद जगी है।

जम्मू-कश्मीर में 30 जनवरी को यात्रा का होगा समापन
कांग्रेस महासचिव ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में खत्म होगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी श्रीनगर में तिरंगा फहराएंगे और यहीं पर यात्रा का समापन होगा। भाजपा के लोगों ने इस यात्रा को बदनाम करने और रोकने के लिए पूरा प्रयास किया है। लेकिन यह यात्रा जारी है और इसका संदेश जन-जन तक पहुंचा है।

हरियाणा में छह जनवरी को प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, छह जनवरी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में प्रवेश करेगी जहां यह 10 जनवरी तक रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी तथा एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और यात्रा में उनकी ‘सुरक्षा में चूक’ के विषय पर कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था जिसका जवाब एक अधिकारी ने दिया जो उचित नहीं है।

scroll to top