Close

कमलनाथ के गढ़ में भाजपा लगा सकती है शिवराज, कुलस्ते पर दांव

० लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा सीट से चुनावी बिगुल फूंकेंगे मोदी-शाह

सीताराम ठाकुर

भोपाल। विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत मिलने के बाद भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने हाल ही में राजधानी भोपाल से 40 किमी दूर सीहोर के एक रिजॉर्ट में लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। इस बैठक में सभी 29 लोकसभा सीटों पर कैसे चुनाव लड़ने कार्ययोजना तैयार की गई है। भाजपा का मुख्य फोकस छिंदवाड़ा सीट को लेकर है और वह इस बार चुनाव में पूर्व सीएम शिवराज सिंह अथवा केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते पर दांव लगा सकती है।

छिंदवाड़ा सीट कांग्रेस की परंपरागत सीट माना जाता है। यहां से पूर्व सीएम और कद्दावर नेता कमलनाथ भी सांसद रह चुके हैं। 2019 के चुनाव में इस सीट से कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ सांसद बने। छिंदवाड़ा में 2014 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 2019 में कांग्रेस का वोट शेयर 3.48 फीसदी घटा था। जबकि भाजपा के वोट शेयर में 4.04 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी। भाजपा पिछले चुनाव में बढ़े वोट प्रतिशत को देखते हुए इस बार चुनाव के करीब एक से डेढ़ महीने पहले ही यहां अपना प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी में है।

सूत्रों की मानें तो छिंदवाड़ा सीट पर भाजपा किसी आदिवासी नेता को उम्मीदवार बना सकती है। इस सीट पर केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी प्रत्याशी बनाए जा सकते हैं। कुलस्ते हाल ही में निवास सीट से विधानसभा चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने आदिवासी नेता नत्थन शाह को उतारा था। शाह ने नकुल नाथ को कड़ी टक्कर देते हुए जीत का अंतर कम कर दिया था। छिंदवाड़ा सीट पर अनुसूचित जाति वर्ग के मतदाताओं की संख्या लगभग 167,085 है, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 11.1 फीसदी हैं। वहीं अनुसूचित जनजाति वर्ग मतदाताओं की संख्या लगभग 544,907 है।

शिवराज की भी लड़ने की अटकलें
मुख्यमंत्री पद से विदा होने के बाद पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा तेज है। भाजपा शिवराज को कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा से लोकसभा का टिकट दे सकती है। हाल ही में चुनाव के परिणाम आने के बाद शिवराज सिंह भी छिंदवाड़ा पहुंचे थे। दरअसल, भाजपा विधानसभा चुनाव में कमलनाथ का किला भेदने में विफल रही है। छिंदवाड़ा के सभी सात सीटों पर भाजपा को मुंह की खानी पड़ी थी। अब लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छिंदवाड़ा आ सकते हैं।

अमित शाह का फोकस छिंदवाड़ा पर
भाजपा ने 2019 में हारी हुई लोकसभा सीटों पर विशेष ध्यान देने की कार्ययोजना के तहत कई केंद्रीय मंत्रियों को अलग-अलग राज्यों की लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी दी है। छिंदवाड़ा लोकसभा सीट की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को दी गई है। सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले कई बार दौरा भी किया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। लेकिन चुनाव में नतीजा कांग्रेस के पक्ष में ही आया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी खुद इस सीट का विधानसभा चुनाव के दौरान कई बार दौरा कर चुके हैं। 1951 से ही इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। 1997 में पूर्व सीएम सुंदरलाल पटवा ने एक बार उपचुनाव में जीत हासिल की थी। इसके बाद भाजपा कभी यहां चुनाव नहीं जीत पाई।

scroll to top