Close

कांग्रेस का केंद्र पर आरोप,कहा- हमारे बैंक खाते फ्रीज किए गए, आयकर विभाग ने 210 करोड़ रुपए की रिकवरी मांगी

 

नेशनल न्यूज़। कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने केंद्र सरकार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। अजय माकन ने शुक्रवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव की घोषणा से कुछ दिनों पहले वर्ष 2018-19 के आयकर रिटर्न को आधार बनाकर उसके कई बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया तथा उससे 210 करोड़ रुपए की रिकवरी की मांग की गई है। पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने यह भी कहा कि पार्टी की युवा इकाई भारतीय युवा कांग्रेस के खातों पर भी रोक लगाई गई है। कांग्रेस का कहना है कि अब तक कुल नौ खाते फ्रीज किए गए हैं। आयकर विभाग की तरफ से फिलहाल कांग्रेस के इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भारत में लोकतंत्र पर पूरी तरह से तालाबंदी
अजय माकन ने संवाददाताओं से कहा, “यह जानकर आप लोगों को आश्चर्य और दुख होगा कि भारत में लोकतंत्र पर पूरी तरह से तालाबंदी कर दी गई है। हम लोगों को परसों (14 फरवरी) यह जानकारी मिली कि हम जो चेक जारी कर रहे हैं, बैंक उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं। जब हम लोगों ने आगे छानबीन की तब पता चला कि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के खाते फ्रीज कर दिए गए हैं।” उन्होंने दावा किया कि यह कांग्रेस पार्टी के खाते फ्रीज नहीं हुए हैं, बल्कि देश का लोकतंत्र फ्रीज हो गया है।

210 करोड़ की रिकवरी मांगी गई
माकन ने सवाल किया, “लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने में जब सिर्फ दो हफ्ते रह गए हैं तो ऐसे समय में कांग्रेस के खाते फ्रीज करके सरकार क्या दिखाना चाहती है?” माकन ने कहा, “कल शाम भारतीय युवा कांग्रेस के खाते भी फ्रीज कर दिए गए।” कांग्रेस के कोषाध्यक्ष ने कहा कि 2018-19 के आयकर रिटर्न के आधार पर 210 करोड़ की रिकवरी मांगी गई है। माकन ने कहा कि कांग्रेस ने इस मामले को लेकर आयकर अपीलीय अधिकरण का रुख किया है और उम्मीद है कि न्यायपालिका लोकतंत्र की रक्षा करेगी। उन्होंने दावा किया कि अगर किसी के खाते सील होने चाहिए तो भारतीय जनता पार्टी के होने चाहिए क्योंकि उन्होंने ‘असंवैधानिक’ चुनावी बॉन्ड के जरिए कॉर्पोरेट जगत से पैसे लिए हैं।

इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार को बिहार पहुंची। यात्रा बिहार में अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है और आज बाद में उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगी। यात्रा के बिहार से राज्य में प्रवेश करने के बाद वह उत्तर प्रदेश के चंदौली में अपने भाई के साथ शामिल होंगी। पूर्व-पश्चिम मणिपुर-मुंबई यात्रा 15 राज्यों से होकर 6,700 किलोमीटर की दूरी तय करती है और इसका उद्देश्य रास्ते में आम लोगों से मिलते हुए “न्याय” (न्याय) के संदेश को उजागर करना है।

 

scroll to top