Close

लोकसभा चुनाव 2024: 5 राज्यों में गठबंधन का ऐलान,दिल्ली में आप 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर लड़ेगी चुनाव,

नेशनल न्यूज़। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सहमति बन गई है। दिल्ली में दोनों दलों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पांच राज्यों के लिए गठबंधन का ऐलान किया। दिल्ली में आप चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी गुजरात की भरूच और भावनगर सीट तथा हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर भी चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक ने आम आदमी पार्टी के नेता संदीप पाठक, सौरव भारद्वाज और अतिशी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में सीट बंटवारे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आप दक्षिणी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और नयी दिल्ली लोकसभा सीट पर उम्मीदवार उतारेगी, जबकि कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर पश्चिम दिल्ली और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर चुनाव लड़ेगी। राष्ट्रीय राजधानी में सात लोकसभा सीट हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में सभी सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीती थीं।

मुकुल वासनिक ने बताया कि हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट भी आम आदमी पार्टी को दी गई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ लोकसभा सीट को लेकर लंबी चर्चा की गई और आखिर में फैसला हुआ कि यहां से कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगी। गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं। कांग्रेस 24 पर चुनाव लड़ेगी। आम आदमी पार्टी गुजरात में भरूच और भावनगर लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पंजाब में अलग-अलग लड़ेंगे चुनाव
भरूच को लेकर पिछले कुछ दिनों से दोनों दलों के बीच पेंच फंसा हुआ था क्योंकि कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अहमद पटेल के पुत्र फैसल पटेल और पुत्री मुमताज पटेल यह सीट आम आदमी पार्टी को दिए जाने का विरोध कर रहे थे। इस सीट पर फैसल और उनकी बहन मुमताज कांग्रेस की तरफ से टिकट के दावेदार माने जा रहे थे। आप अपने विधायक चैतर वसावा को भरूच लोकसभा सीट से पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कांग्रेस और आप ने पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ने का फैसला किया है। लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई में प्रस्तावित है।

#WATCH AAP सांसद संदीप पाठक ने कहा, “हर राज्य की अपनी राजनीतिक परिस्थिति है, और परिस्थितियों को देखकर चुनाव जीतने के उद्देश्य से ये बनाया गया है…. INDIA गठबंधन का जन्म देश को जिताने के लिए हुआ है, देश की जनता को जिताने के लिए हुआ है किसी को हराने के लिए नहीं हुआ है…” pic.twitter.com/iVU2oGe1lw

 

scroll to top