Close

भोग लगाने के विवाद पर युवती के मुंह में डाल दी जलती हुई लकड़ी, आरोपी हिरासत में

महासमुंद। महासमुंद जिले के बागबहरा थाना क्षेत्र में स्थित जय गुरुदेव मानस आश्रम पतेरापाली में मामूली सी बात पर तीन लोगों ने एक नाबालिग युवती के मुँह में जलती हुई लकड़ी डाल दी। पुलिस के अनुसार भोग लगाने के विवाद पर 3 सेवादारों ने इस तरह की दरिंदगी की। साथ ही लाठी से उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। मामला 24 फरवरी का है। फिलहाल तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को मनीष सिन्हा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी छोटी बहन जागृति सिन्हा को सेवादार नरेश पटेल, भोजराम साहू और राकेश दीवान ने जमकर प्रताड़ित किया। बहन के साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की नीयत से उसकी लाठी से बेरहमी से पिटाई की गई। इस पर भी आरोपियों का मन नहीं भरा, तो उसके मुंह में जलती हुई लकड़ी डाल दी। इससे उसका मुंह, गला, जीभ गंभीर रूप से जल गया है।
सेवादारों ने लड़की के शरीर के अन्य हिस्सों को भी जला दिया है। आरोपियों ने उसकी जांघ, पैर, पीठ को भी जला दिया है। पीड़िता को गंभीर हालत में बागबहरा के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि जागृति आश्रम में महिला सेवादार के रूप में काम करती थी।

28 फरवरी को मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को 1 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों सेवादारों नरेश पटेल, भोजराम साहू और राकेश दीवान को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पीड़िता की हालत नाजुक
घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम लड़की का बयान लेने के लिए अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने पीड़िता जागृति सिन्हा की हालत गंभीर बताई है, हालांकि उन्होंने कहा कि समय पर इलाज मिलने के कारण लड़की की जान बच गई, अगर थोड़ी भी देर हो जाती, तो उसकी मौत हो सकती थी। उन्होंने कहा कि अभी भी लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है और खतरा अभी टला नहीं है।

scroll to top