#crime #प्रदेश

रायपुर में नकली दवा रैकेट का भंडाफोड़: इंदौर से सप्लाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

रायपुर। रायपुर पुलिस ने नकली दवाओं के एक बड़े रैकेट का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर से दवाएं सप्लाई करने वाला व्यक्ति और सारंगढ़ व भाठापारा के मेडिकल स्टोर संचालक शामिल हैं। सभी आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब गोगांव स्थित एक ट्रांसपोर्ट में नकली दवाओं की बड़ी खेप बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह खेप इंदौर से मंगाई गई थी। इसके बाद ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सारंगढ़ और भाठापारा के कई मेडिकल स्टोर्स पर छापेमारी की।

जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया, जब सहायक औषधि नियंत्रक संजय कुमार नेताम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक मेडिकल स्टोर संचालक के साथ उनकी संदिग्ध बातचीत और फाइलों को लेकर चर्चा देखी गई। इस घटना के बाद संबंधित अधिकारी को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि आरोपी इंदौर से नकली दवाओं की सप्लाई कर उन्हें स्थानीय मेडिकल दुकानों के माध्यम से बाजार में खपा रहे थे। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में रोचक अग्रवाल, खेमराम बानी और सुरेंद्र कुमार शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।