#Uncategorized

आईएसआई का बड़ा खुलासा : पीओके में 70 से ज्यादा आतंकी लॉन्चपैड सक्रिय, 800 आतंकियों की घुसपैठ की तैयारी

Advertisement Carousel

जम्मू। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और उसकी सेना जम्मू-कश्मीर में बड़े पैमाने पर घुसपैठ की तैयारी में जुटी हैं। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 70 से अधिक आतंकी लॉन्चपैड सक्रिय कर दिए गए हैं, जहां करीब 800 आतंकियों को भारत में घुसपैठ के लिए तैयार रखा गया है।

सीमा पार बढ़ी हलचल
जानकारी के अनुसार, नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के पार इन लॉन्चपैड्स को दोबारा सक्रिय किया गया है। इनमें से करीब 10 लॉन्चपैड अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हैं, जबकि बाकी LoC के आसपास स्थित हैं।

वैश्विक हालात का उठाना चाहता है फायदा
सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान इस साजिश को ऐसे समय अंजाम देना चाहता है, जब दुनिया का ध्यान पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव—खासतौर पर अमेरिका, इज़राइल और ईरान—की ओर केंद्रित है। साथ ही भारत में चल रहे चुनावों को भी अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

रणनीति में बदलाव, छोटे समूहों में घुसपैठ की योजना
इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अनुसार, भारतीय सुरक्षा बलों की सतर्कता के कारण हाल के महीनों में कई घुसपैठ की कोशिशें विफल हुई हैं। इसके बाद अब आतंकियों को 10–15 के छोटे समूहों में अलग-अलग स्थानों से भेजने की योजना बनाई गई है, ताकि सुरक्षा बलों पर दबाव बनाया जा सके।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ा दबाव
सूत्रों के मुताबिक, मई 2025 में हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान पर आतंकी संगठनों का दबाव बढ़ गया है। यह कार्रवाई पहलगाम हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 26 पर्यटकों की जान गई थी।
बताया जा रहा है कि लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठन जम्मू-कश्मीर में गतिविधियां बढ़ाने के लिए आईएसआई पर दबाव बना रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती से स्थानीय नेटवर्क कमजोर हुआ है।
ऐसे में अब सीमा पार से प्रशिक्षित और अनुभवी आतंकियों को भेजने की तैयारी की जा रही है, जो बड़े हमलों को अंजाम देने में सक्षम माने जाते हैं। सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं और हर संभावित खतरे पर नजर बनाए हुए हैं।