राघव चड्ढा को केंद्र से Z श्रेणी की सुरक्षा, दिल्ली-पंजाब में अर्धसैनिक बल तैनात

दिल्ली। गृह मंत्रालय ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को Z श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। यह निर्णय खुफिया ब्यूरो (आईबी) की खतरे की आशंका से जुड़ी रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, राघव चड्ढा को दिल्ली और पंजाब में अर्धसैनिक बलों द्वारा सुरक्षा दी जाएगी।
पंजाब सरकार की सुरक्षा वापसी की चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि पंजाब सरकार द्वारा पहले दी गई Z प्लस श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई है। इसके पीछे संसद में पंजाब से जुड़े मुद्दों को पर्याप्त रूप से नहीं उठाने को कारण बताया जा रहा है।
संसद में प्रदर्शन को लेकर उठे सवाल
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा के संसद में प्रदर्शन पर सवाल उठाए थे। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई।
हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा और कुलदीप सिंह ढींगरा ने संयुक्त बयान में कहा कि उनकी चुप्पी निराशाजनक रही।
चीमा ने बताया कि संसद में कई अहम वित्तीय मुद्दे नहीं उठाए गए, जिनमें ग्रामीण विकास निधि के लगभग 8,500 करोड़ रुपये लंबित होने और करीब 60,000 करोड़ रुपये के जीएसटी नुकसान का मामला शामिल है। इसके अलावा जीएसटी मुआवजे में बदलाव और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत फंड की कमी जैसे मुद्दे भी प्रमुख रहे।
आरोपों पर चड्ढा की सफाई
विवादों के बीच, राघव चड्ढा को पार्टी ने राज्यसभा में उपनेता पद से भी हटा दिया था। इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है।
चड्ढा ने कहा कि संसद में उनकी मौजूदगी और गतिविधियों के प्रमाण सीसीटीवी फुटेज से देखे जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के वॉकआउट के दौरान वह भी सदन से बाहर गए हैं।
अपने बयान के अंत में उन्होंने फिल्मी अंदाज में कहा— “घायल हूं, इसीलिए घातक हूं।”





