Close

संक्रमण से बचने के सभी उपायों का कड़ाई से पालन करें- महादेव कावरे

जशपुर। जशपुर के कलेक्टर महादेव कावरे ने जिले के नागरिकों से आग्रह किया है  कि लाॅकडाउन के बाद संक्रमण से बचने के सभी उपायों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने उम्मीद जताई है कि कोरोना संक्रमण के लक्षण को नहीं छुपाएंगेऔर जाँच कराएंगे। कोविड टीकाकरण करवाएंगे। यह देखा जा रहा है कि होम आइसोलेसन के मरीज आखिरी समय में अस्पताल लाए जा रहे हैं। लक्षण गंभीर होने पर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराएं और होम आइसोलेसन के नियमों का कड़ाई से पालन करें। होम आइसोलेसन में मरीजों का तापमान लगातार मापते रहें। इसके लिए तापमापी यंत्र रखें।

श्री कावरे ने जशपुरवासियों को लिखे पत्र में कहा है कि जिले में कोरोना पाजिटिव प्रकरणों की संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। लाॅकडाउन कोविड-19 से लड़ने का दीर्घकालिक कारगर उपाय नहीं है। लाकडाउन अवधि में संक्रमण को रोककर अल्पकालीन लाभ प्राप्त कर सकते हैं, परन्तु इसके दीर्घकालिक सामाजिक और आर्थिक परिणाम गंभीर होते हैं, जिसका प्रभाव समाज के सभी वर्गों पर पड़ता है। 26 अप्रैल2021  तक जिले में लाॅकडाउन प्रभावी है, इस अवधि का उपयोग अभी सामाजिक और व्यावसायिक संगठन लाॅकडाउन  के बाद सामान्य जीवन व्यतीत करने की योजना के लिए आत्मचिंतन में  करें। वहीँ सभी संगठन तथा मीडिया  के लोग मिलकर रणनीति भी बनाएं।

श्री कावरे ने पत्र में लिखा है कि संक्रमण से बचने के उपायों का पालन करेंगे तो बिना लाॅकडाउन के कोरोना संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है।  जन-जागरूकता के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। अभियान की सफलता के लिए सभी वर्गों का सहयोग जरुरी है।  उन्होंने लाॅकडाउन के बाद संक्रमण से बचने के उपायों का पालन करने का संकल्प लेने का भी आग्रह किया है।

लेखक – राजेंद्र ठाकुर

scroll to top