जापान में 7.4 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का अलर्ट; तटीय इलाकों में हाई अलर्ट

इंटरनेशनल न्यूज़। जापान में सोमवार को आए तेज भूकंप के झटकों ने लोगों में दहशत फैला दी। राष्ट्रीय प्रसारक एनएचके के अनुसार, उत्तरी जापान में 7.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके बाद तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई।
तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों में ले जाने के निर्देश
प्रशासन ने खासतौर पर इवाते प्रीफेक्चर और होक्काइडो के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों या ऊंचे इलाकों में जाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक समुद्र में 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जो तट पर पहुंचकर भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं।
जापान सरकार ने चेतावनी दी है कि सुनामी की लहरें एक बार नहीं, बल्कि कई बार आ सकती हैं। इसलिए लोगों को सभी चेतावनियां समाप्त होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि लहरें तय समय से पहले या बाद में आ सकती हैं और उनकी ऊंचाई अनुमान से ज्यादा हो सकती है।
प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समुद्र किनारे और नदियों के मुहानों से दूर रहने को कहा गया है, क्योंकि इन स्थानों पर पानी तेजी से भर सकता है। बचाव और आपातकालीन सेवाएं अलर्ट पर हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में से एक है। यह प्रशांत अग्नि वलय क्षेत्र में स्थित है, जहां चार बड़ी टेक्टोनिक प्लेट्स मिलती हैं। यहां हर साल करीब 1500 भूकंप आते हैं, जो दुनिया के कुल भूकंपों का लगभग 18 प्रतिशत हैं।
2011 में मचाई थी तबाही
वहीं, साल 2011 में आया 2011 तोहोकू भूकंप और सुनामी अब तक की सबसे भीषण त्रासदियों में से एक माना जाता है, जिसमें करीब 18,500 लोगों की मौत या लापता होने की खबर थी। इस दौरान फुकुशिमा परमाणु संयंत्र में भी गंभीर हादसा हुआ था।
फिलहाल सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।




