कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे एसईसीएल के पूर्व जीएम अरुण कुमार त्यागी की मौत

कोरबा। कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। नेशनल हाईवे-130 पर चोटिया क्षेत्र के पास हुए भीषण सड़क हादसे में अरुण कुमार त्यागी की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक,एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी को हाल ही में निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नति मिली थी। वह नई जिम्मेदारी संभालने के लिए कार से सिंगरौली जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रहे पार्सल वाहन से टकरा गई। हादसा बांगो थाना क्षेत्र में हुआ।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अरुण त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इस दुखद हादसे पर प्रेमचंद पटेल ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अरुण कुमार त्यागी का असामयिक निधन बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।





