पीएम मोदी की देशवासियों से अपील, “पेट्रोल-डीजल का करें संयमित इस्तेमाल”

हैदराबाद। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोलियम उत्पादों का सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की है। हैदराबाद में 9,400 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस जैसी ऊर्जा संसाधनों का जरूरत के मुताबिक उपयोग करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत बड़ी मात्रा में पेट्रोलियम उत्पादों का आयात करता है। ऐसे में जरूरत से ज्यादा उपयोग देश की अर्थव्यवस्था पर बोझ बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और दुनिया में बढ़ते ऊर्जा संकट को देखते हुए हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी। पीएम मोदी ने कहा कि संयमित उपयोग से विदेशी मुद्रा की बचत होगी और वैश्विक संकटों का असर भी कम पड़ेगा।
वैकल्पिक ऊर्जा पर सरकार का फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा दिया जा रहा है और सीएनजी व पाइप गैस नेटवर्क का विस्तार भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे देश बड़े ऊर्जा संकटों का मजबूती से सामना कर सके।
तेलंगाना को लेकर भी दिया बड़ा संदेश
पीएम मोदी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय से ही विकास की गति तेज होगी। प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
रेलवे और हाईवे परियोजनाओं का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में तेलंगाना का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क दोगुना हो गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है। साथ ही कई राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे मल्टी ट्रैकिंग, ग्रीनफील्ड पेट्रोलियम टर्मिनल और पीएम मित्रा पार्क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया।




