#प्रदेश

26/11 के अनसुने नायकों को मिला सम्मान, ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्क्रीनिंग में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय और कंगना रनौत

Advertisement Carousel

 

रायपुर। मुंबई के 26/11 आतंकी हमले के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर घायलों की सेवा करने वाले डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के साहस को पर्दे पर उतारने वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग सोमवार को रायपुर में आयोजित हुई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, फिल्म निर्देशक मनोज तापड़िया सहित फिल्म जगत, राजनीति और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म उन अनसुने नायकों को समर्पित है, जिनकी सेवा और बलिदान को समाज में पर्याप्त पहचान नहीं मिल पाती।

राजधानी के जोरा मॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय एवं परिजनों के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग प्रदेश में आयोजित की गई है और कंगना रनौत स्वयं इसमें शामिल होने रायपुर आई हैं।

स्वास्थ्यकर्मियों के साहस की कहानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए आतंकी हमले के दौरान जहां आतंकियों ने निर्दोष लोगों को निशाना बनाया, वहीं अस्पतालों में कार्यरत नर्सों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों की सेवा कर सैकड़ों लोगों की जिंदगी बचाई। फिल्म उन्हीं गुमनाम नायकों की प्रेरक कहानी को सामने लाती है।

छत्तीसगढ़ के बेटे ने लिखी कहानी

मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया की सराहना करते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़े हैं और उन्होंने इस महत्वपूर्ण विषय को सिनेमा के माध्यम से देश के सामने लाने का सराहनीय प्रयास किया है।

कंगना रनौत ने निभाई नर्स की भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि कंगना रनौत ने फिल्म में एक नर्स की भूमिका निभाकर स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण और साहस को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि समाज में कई ऐसे लोग होते हैं जो असाधारण कार्य करते हैं, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिलती जिसके वे हकदार होते हैं। यह फिल्म ऐसे ही लोगों को समर्पित है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया फिल्म का नाम

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि फिल्म का नाम ‘भारत भाग्य विधाता’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुझाया गया है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मियों को शुभकामनाएं दीं।

कंगना बोलीं- छत्तीसगढ़ में स्क्रीनिंग होना गर्व की बात

अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ के बेटे हैं और उनकी इच्छा थी कि फिल्म की स्क्रीनिंग उनके गृहप्रदेश में हो। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उनकी उपस्थिति ने पूरी टीम का उत्साह बढ़ाया है।

‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आपातकालीन परिस्थितियों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मवीरों को ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ सम्मान से सम्मानित किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कई कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, फिल्म जगत से जुड़े कलाकार, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।