मानसून से पहले बढ़ी उमस और गर्मी: बिलासपुर में पारा 42°C पार, कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं, तो दूसरी ओर उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को कुछ क्षेत्रों में अंधड़ के साथ बारिश और बूंदाबांदी हुई, लेकिन इसके बाद निकली तेज धूप ने लोगों को रात तक उमस से बेहाल रखा।
बिलासपुर सबसे गर्म, पारा पहुंचा 42 डिग्री
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी इलाकों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
अगले 5 दिनों तक बारिश और आंधी के आसार
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। स्थानीय मौसम प्रणाली के प्रभाव से मंगलवार को बस्तर क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
इन क्षेत्रों में हुई बारिश
बस्तर में 5 सेमी वर्षा
करपावंड में 3 सेमी वर्षा
जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2 सेमी वर्षा
सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई
रायपुर में आज भी बारिश की संभावना
बुधवार सुबह से राजधानी रायपुर में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज भी अंधड़, गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश,आकाशीय बिजली गिरने की संभावना,40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
दो दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बनने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।




