भाजपा नेता हत्याकांड में बड़ा एक्शन : मुख्य आरोपी समेत 4 ने किया सरेंडर, 8 आरोपी गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़। कोरिया जिले के चर्चित भाजपा नेता हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह और उनके साथियों को जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी के साथ अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी ने मनेंद्रगढ़ कोतवाली पहुंचकर सरेंडर किया। इससे पहले पुलिस अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।
रेत विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह
जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले मृतक पक्ष और आरोपियों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर सुलह के बहाने भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और उनके साथियों को गांव बुलाया था।
फॉर्च्यूनर को आग के हवाले कर दी गई थी
16 जून की रात आरोपियों ने कथित रूप से फॉर्च्यूनर वाहन को पहले टिपर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया और फिर उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोप है कि आग से बचकर बाहर निकलने की कोशिश करने वालों के साथ मारपीट की गई और उन्हें दोबारा जलती गाड़ी में धकेल दिया गया।
इस भयावह घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके दो साथी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन लोगों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी और चार के आत्मसमर्पण के बाद जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।





