#crime #प्रदेश

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 90 हजार की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और नकदी भी जब्त

Advertisement Carousel

धमतरी। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन (चिट्टा), नकदी और बाइक बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

4.76 ग्राम हेरोइन बरामद

पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) निवासी रायपुर, हाल मुकाम सोरिद नगर डीपोपारा धमतरी, की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।

नकदी, मोबाइल और बाइक जब्त

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।

SP की अपील- नशे के कारोबार की सूचना दें

पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने साफ कहा है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।