#प्रदेश

लखनऊ के कोचिंग सेंटर में भीषण आग : जान बचाने को छात्रों ने लगाई छलांग,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Advertisement Carousel

 

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे अंदर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंची मंजिलों से छलांग लगा दी, जिसके कारण वे घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

दीवार तोड़कर छात्रों को निकालने का प्रयास

जानकारी के अनुसार, कोचिंग सेंटर में धुआं भर जाने के कारण कई छात्र अंदर फंस गए। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पास के मकान की छत से कोचिंग सेंटर की दीवार तोड़कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अब तक चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

धुएं का गुबार देखकर मची अफरा-तफरी

स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत से अचानक धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा परिसर धू-धूकर जलने लगा। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।

कई छात्र घायल, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग से बचने के प्रयास में कई छात्र भवन से नीचे कूद गए, जिससे वे घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार चार छात्रों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया है। कुछ छात्रों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग आग पर काबू पाने के साथ-साथ अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटा हुआ है। प्रशासन ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।