#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 24 घंटे में 75% प्रदेश कवर; कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम के कुछ क्षेत्रों में भी जल्द मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटों के दौरान डौंडी और नांगर में 5-5 सेंटीमीटर, मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं कांकेर, जगदलपुर, राजनांदगांव, धानोरा, नगरी, मगरलोड, भटगांव और बड़े राजपुर समेत कई क्षेत्रों में 3 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।

ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, जशपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायगढ़, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश की संभावना जताई गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने और अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।