Close

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा-राज्य के लोगों का विश्वास बनाए रखना पहली प्राथमिकता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव ने गुरुवार को कहा कि राज्य के लोगों का विश्वास बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। गुरुवार को डिप्टी सीएम टी.एस. सिंह देव रायपुर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने उनका स्वागत किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्होंने कभी भी मुख्यमंत्री पद पर रोटेशन के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव नहीं डाला था। उन्‍होंने कहा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होना हमारी मुख्य जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा, 2018 में हमने साथ मिलकर चुनाव लड़ा और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाई।

छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव में सीएम चेहरे के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह देव ने कहा कि राजनीतिक दल किसी एक चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ते हैं। उन्‍होंने कहा, हम वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेंगे, कांग्रेस इसी तरह काम करती है। डिप्टी सीएम ने कहा कि, अभी मुझे कोई खास जिम्मेदारी नहीं दी गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को अपने निवास पर टी.एस. सिंह देव का स्वागत किया। बघेल ने ट्वीट कर कहा कि,”आज हमने टी.एस.सिंहदेव से निवास कार्यालय में मुलाकात की, उप मुख्यमंत्री बनाये जाने पर हम सभी ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर हमारी प्रभारी कुमारी शैलजा जी की विशेष उपस्थिति रही”। वहीं, इस बीच विपक्षी बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने राज्यपाल के अधिकार को दरकिनार कर टी.एस. सिंह देव को डिप्टी सीएम नियुक्त किया है।

scroll to top