#प्रदेश

नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर फिर बढ़ा विवाद : दो परिवारों को गांव छोड़ने का फरमान, भारी पुलिस बल तैनात

Advertisement Carousel

 

० खड़का गांव में धर्मांतरित परिवारों के घरों से सामान निकाला गया, प्रशासन हालात पर रखे हुए है नजर

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। भरण्डा गांव के बाद अब खड़का गांव में आदिवासी समुदाय और ईसाई धर्म अपनाने वाले परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। विवाद बढ़ने पर धर्मांतरित दो परिवारों के घरों से सामान बाहर निकाल दिया गया। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, आदिवासी समुदाय के लोगों ने धर्मांतरण कर चुके परिवारों से गांव छोड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रहने वाले सभी लोगों को सामाजिक आयोजनों में समान रूप से सहयोग करना चाहिए और आदिवासी देवी-देवताओं व पारंपरिक रीति-रिवाजों का सम्मान करना चाहिए।

वहीं, प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे सामाजिक आयोजनों के लिए वर्ष में एक बार आर्थिक सहयोग देने को तैयार हैं, लेकिन अपनी धार्मिक मान्यताओं के कारण आदिवासी धार्मिक परंपराओं का पालन नहीं करेंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासन ने गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

गौरतलब है कि हाल ही में नारायणपुर के भरण्डा गांव में भी आदिवासी ग्रामीणों और धर्मांतरण कर चुके 26 परिवारों के बीच इसी तरह का विवाद सामने आया था। उस मामले में भी धर्मांतरित परिवारों पर गांव छोड़ने का दबाव बनाए जाने की बात सामने आई थी। फिलहाल खड़का गांव के मामले में प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाए रखने और विवाद के समाधान के प्रयास में जुटा हुआ है।