बालोद में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, घर के कमरे में खून से लथपथ मिला शव

० हत्या की आशंका पर पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक महिला का खून से लथपथ शव उसके घर के कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवारीकला गांव की है। मृतका की पहचान दया बाई साहू, पत्नी चिमन साहू, के रूप में हुई है। मंगलवार को उनका शव घर के एक कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।




