राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा खुलासा: आरोपी के कमरे से मिली ‘रामराज्य कोष’ पेटी, QR कोड भी लगा मिला

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। एसआईटी और पुलिस टीम आरोपियों से जेल में पूछताछ कर रही है, वहीं उनके ठिकानों पर भी लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियों का दावा है कि अब तक इस मामले में करीब 80 लाख रुपये की बरामदगी की जा चुकी है।
‘रामराज्य कोष’ लिखी पेटी और QR कोड मिला
जांच के दौरान एसआईटी ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला के कमरे से एक संदूक बरामद किया है, जिस पर ‘रामराज्य कोष’ लिखा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि उस संदूक पर पेटीएम का QR कोड भी लगा हुआ था। इस बरामदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डेढ़ साल से अयोध्या में रह रहा था आरोपी
श्याम साधनालय की योगाचार्य सीमा तिवारी ने बताया कि अविनाश शुक्ला पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अयोध्या में रह रहा था और राम मंदिर से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय था। उनके मुताबिक, अविनाश का परिचय योग गुरु डॉ. चैतन्य और उनके भाई अभिषेक के माध्यम से हुआ था।
पुलिस ने कमरे से बैग भी किया था बरामद
5 जून की कार्रवाई के प्रत्यक्षदर्शी सेवादार सुंदरलाल के अनुसार, पुलिस अविनाश को उसके किराये के मकान पर लेकर पहुंची थी। वहां से एक बैग बरामद किया गया, जिसमें कुछ नकदी होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सभी को बाहर कर आरोपी को अपने साथ ले गई।
पुलिस ने नहीं की आधिकारिक पुष्टि
हालांकि, पुलिस ने अब तक इन दावों या बरामद नकदी के स्रोत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और एसआईटी पूरे नेटवर्क तथा धन के स्रोत की पड़ताल में जुटी हुई है।




