Close

अजित जोगी के राजनीति क्षेत्र में 50 साल पूरे होने पर उनके नाम का सिक्का हुआ जारी, जानें क्या है कीमत

रायपुर। आगामी विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल कर सरकार बनने के बाद जोगी अपने कहे मुताबिक सभी जिला मुख्यालय में चांदी की सड़क बना बनाएंगे। इन सबके बीच अजित जोगी के नाम का सिक्का पार्टी ने जारी किया है। अजीत जोगी देश के पहले राजनेता हैं, जिनके नाम का सिक्का सरकार ने नहीं बल्कि उनकी खुद की पार्टी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस ने जारी किया है। जोगी कांग्रेस ने ये सिक्का अजीत जोगी की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में 50 साल पूरे होने के मौके पर जारी किया है।

सिक्के की कीमत होगी 2 हजार
सिक्का जारी होने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे खरीदने की होड़ मच गई है। सिक्के की कीमत 2 हजार रूपए रखी गई है। जोगी कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष गजराज पगारिया को सिक्का तैयार कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पगारिया मुंबई से ये सिक्का बनवा रहे हैं। पहली खेप में पांच हजार सिक्के बनाकर रायपुर लाया गया है। खबर है कि जोगी कांग्रेस ऐसे एक लाख से ज्यादा सिक्के जारी करेगी। पार्टी ने सिक्का बेचकर 20 करोड़ रूपए जुटाने का लक्ष्य रखा है।

एक कार्यकर्ता ने दिया था सुझाव

अजीत जोगी बताते हैं कि कोरबा के उनके एक कार्यकर्ता ने चिट्ठी लिखकर उन्हें ये सुझाव दिया था। ये सुझाव उन्हें भा गया। पहले तय किया गया था कि सिक्का अजीत जोगी के जन्मदिन के मौके पर जारी किया जाएगा, लेकिन चूंकि पहली खेप जल्द आ गई और नवरात्रि पर्व चल रहा था, लिहाजा सिक्का जारी कर दिया गया।

scroll to top