Close

किसान नेता अनिल दुबे को उनके 150 साथियों के साथ किया गया गिरफ्तार, जा रहे थे विधानसभा घेरने

रायपुर। छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष, किसान नेता अनिल दुबे को उनके 150 साथियों के साथ आज राजधानी में गिरफ्तार कर लिया गया. विधानसभा का घेराव करने के लिए जाते समय यह कार्यवाही की गई. किसान मोर्चा लगभग 508 दिन से महासमुंद में कई मांगों के साथ-साथ करणी कृपा पावर प्लांट की स्थापना का विरोध कर रहा है.
अपनी गिरफतारी देते हुए किसान नेता अनिल दुबे ने कहा कि कांग्रेस विधायक विनोद सेवन चंद्राकर के इशारे पर यह गिरफतारी की गई है जिससे हम डरने वाले नही हैं. हमारा आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलनकारियों ने गैर छत्तीसगढ़ियाओं को भगाने, कोडार बांध का पानी किसानों का उद्योगों को बेचने नहीं देने, अवैध डायवर्सन रद्द करने तथा करणी कृपा पावर प्लांट कंपनी द्वारा किसानों की और सरकारी जमीन कब्जा करने को लेकर विरोध कर रहे हैं.

डिगेश्वरी चंद्राकर पूर्व सरपंच ने कहा कि हम लोग 508 दिन से गांधीवादी तरीके से अखंड धरना सत्याग्रह कर रहे हैं। उसे सत्ताधारी नेता उद्योगपति और उसके दलाल नौकरशाह महासमुंद जिला में जंगल राज चला रहे हैं। उसे राजधानी रायपुर में सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं तक आवाज पहुचाने के लिए हम आए हुए हैं।

उपरोक्त आंदोलन अभी तक महासमुंद में ही जारी था लेकिन अब इसकी आंच राजधानी तक पहुंच गई है. आज विधानसभा का घेराव करने निकले छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के आंदोलनकारियों का नेतृत्व किसान नेता अनिल दुबे कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस को भनक लग गई और उसने पहुंचकर आंदोलनकारियों को गिरफतार कर लिया.

श्री दुबे ने कहा कि कांग्रेस विधायक विनोद सेवन चंद्राकर की दलाली से क्षेत्र के किसान मजदूर हो रहे हैं बेहाल. विधायक विनोद सेवन चंद्राकर हराओ सिरपुर महासमुंद क्षेत्र बचाओ का नारा भी दिया. उन्होंने ऐलान किया कि किसानों का चलाया गया अभियान विधायक को हटाते तक जारी रहेगा. आंदोलन का नेतृत्व राज्य आंदोलनकारी आदिवासी किसान नेता अशोक कश्यप,डेविड चंद्राकर,दशरथ लाल सिन्हा,बोधन यादव,रामलाल विश्वकर्मा,बैशाखु सिन्हा,प्यारेलाल धीवर,धर्मेंद्र यादव, सुधुराम पटेल ने किया। इस दौरान आदिवासी किसान नेता अशोक कश्यप,किसान नेता हेमसागर पटेल, नाथूराम सिन्हा,डोमर सिंह ध्रुव,तोषण सिन्हा,लीलाधर पटेल,श्रीमती राधाबाई सिन्हा,डिगेश्वरी चंद्राकर, श्यामबाई ध्रुव,शांति सिन्हा,धनेश्वरी यादव,ठगन बाई सिन्हा आदि ने संबोधित किया।

scroll to top