Close

भाजपा के जिला व विधानसभा मीडिया प्रभारियों- सह प्रभारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण : डॉ. रमन

० झूठ और सत्ता बल से लड़ने के लिए मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी अपनी जिम्मेदारी को महसूस करके उसे बखूबी निभाएं : राष्ट्रीय प्रवक्ता शर्मा

० किसी प्रकार के भ्रम व अफवाहों में न पड़ते हुए देश और पार्टी की विचारधारा के लिए काम करने का लक्ष्य सामने रखना होगा : चंद्राकर

० एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में रायपुर संभागस्तरीय मीडिया प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

रायपुर। सोमवार को राजधानी के एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा की रायपुर संभागस्तरीय मीडिया प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न हुई।कार्यशाला में कांग्रेस की नाकामियों को उजागर करने के लिए सभी विधानसभा में 10 मीडिया मित्र बनाने की योजना बनाई गई। जिनका काम विधानसभा क्षेत्र से सूचनाएं एकत्र कर भाजपा के विचारों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा है कि आगामी चुनाव के मद्देनजर भाजपा के जिला व विधानसभा मीडिया प्रभारियों- सह प्रभारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है और उन्हें हर क्षण व हर कदम पर सजग और सतर्क रहना है। डॉ. सिंह ने कहा कि मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं को हर गतिविधि और समाचार की गहराई को समझना होगा।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि भाजपा के मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी सत्ता पक्ष पर उसकी विफलताओं के लिए जमकर हमला बोलें। कांग्रेस के जन घोषणापत्र के 36 वादों में से 19 पर तो अभी तक क्रियान्वयन ही नहीं हुआ है जबकि कांग्रेस व सरकार 35 वादे पूरे करने के झूठे दावे कर रही है। इसलिए भाजपा के मीडिया कार्यकर्ताओं को दमदारी से अपनी बात हर मंच पर रखनी चाहिए। डॉ. सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद के शुरुआती कांग्रेस शासनकाल के आतंक, विकास विरोधी कार्यों का जिक्र किया और और 15 साल के भाजपा शासनकाल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में आधारभूत संरचना के विकास की दृष्टि से हमने मील के पत्थर स्थापित किए। इसके बाद आई कांग्रेस की मौजूदा प्रदेश सरकार ने घोटाले-भ्रष्टाचार करके छत्तीसगढ़ को शर्मसार कर दिया। आज कांग्रेस के लोग ही अपनी प्रदेश सरकार की कृत्यों से हताश व निराश हैं, इसलिए भाजपा के मीडिया कार्यकर्ता अपने अध्ययन का दायरा बढ़ाकर आगे बढ़ें। चुनाव का दौर आ रहा है जो आक्रमक होगा, इसके लिए मीडिया कार्यकर्ता अपने वैचारिक अस्त्र-शस्त्र पैने कर लें।

इससे पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के.के. शर्मा ने संभागभर से पहुंचे जिला व विधानसभा मीडिया प्रभारियों, सह प्रभारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया जगत छवि बनाने का काम करता है। एक समय सांप्रदायिकता बनाम धर्मनिरपेक्षता मीडिया विमर्शों का मुख्य विषय होता था, लेकिन अब राष्ट्रीयता इन मीडिया विमर्शों का केंद्रीय विषय है । श्री शर्मा ने कहा कि मीडिया से हम अपनी अच्छी छवि प्रस्तुत कर पाएं तो इसका पूरा लाभ मिलता है। इसलिए मीडिया कार्यकर्ता स्थानीय मुद्दों पर फोकस करें, उनके समाधान के रास्ते बताएं। प्रदेश के मीडिया पदाधिकारियों से चर्चा कर मुद्दों को प्रदेश स्तर तक चर्चा में लाएं जिससे जनता पार्टी के विचारों दृष्टिकोण हुआ प्रयासों से सीधे जुड़ती है।

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि आने वाला चुनाव आसान नहीं है हमसे जो मुकाबिल हैं, उनके झूठ और सत्ता बल से लड़ने के लिए हमें माइक्रो लेवल पर, जमीनी स्तर पर लड़ना होगा और इसलिए मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी अपनी जिम्मेदारी को महसूस करके उसे बखूबी निभाएं। परस्पर संपर्क और समन्वय बनाकर ’15 वर्ष भाजपा के बनाम 5 वर्ष कांग्रेस के’ की लड़ाई को लेकर जनता के बीच जाएं और यह काम मीडिया के माध्यम से हो सकेगा।

कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन व वंदे मातरम से हुआ। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पत्रकारिता के इतिहास छत्तीसगढ़ की संस्कृति व परंपराओं की विचार से चर्चा करते हुए कहा कि मीडिया प्रभारी व सह प्रभारी मूल्यों व आदर्शों के लिए परस्पर तत्पर व समर्पित रहें। आज डिजिटल युग में अपने डेटा को पल-प्रतिपल अपडेट करते रहना आपका कौशल दर्शाएगा। मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी को किसी प्रकार के भ्रम व अफवाहों में न पड़ते हुए देश और पार्टी की विचारधारा के लिए काम करने का लक्ष्य सामने रखना होगा। प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि भाजपा के मीडिया कार्यकर्ता सत्ता पक्ष को आईना दिखाने का काम करें। भाजपा शासनकाल की उपलब्धियां व मौजूदा कांग्रेस शासन की नाकामियों का ब्यौरा रखें। हर कार्यकर्ता ‘मैं नहीं, पार्टी’ इस भाव से काम करे क्योंकि पार्टी हमसे नहीं, हम पार्टी से हैं। मीडिया कार्यकर्ता प्रखरता से अपनी बात कहें क्योंकि डर, भय से कोई भी यात्रा पूर्व नहीं हो सकती।

कार्यशाला में प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने जिलावार मीडिया प्रभारी व सहप्रभारियों से वृत्त लिया और कहा कि हम सब चुनाव की चुनौती पर पार करने का विश्वास संजोकर कांग्रेस की भ्रष्ट व अराजक प्रदेश सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकें। प्रदेश मीडिया सहप्रभारी अनुराग अग्रवाल ने कार्यशाला के स्वागत भाषण देते हुए कहा की मीडिया विभाग राजनीतिक दल और जनता के बीच संवाद की महत्वपूर्ण व विश्वसनीय कड़ी होती है ।कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में विषय विशेषज्ञों की ओर से मीडिया प्रभारियों व सह प्रभारियों को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया व मोबाइल मीडिया आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन मुकेश शर्मा ने आभार प्रदर्शन राहुल राय ने किया।कार्यशाला में प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, दीपक म्हस्के, नलिनीश ठोकने, अमित साहू, प्रकाशन विभाग के प्रमुख पंकज झा, अशोक बजाज, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे, सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, हेमंत पाणिग्रही सहित सभी पैनलिस्ट आदि उपस्थित थे।

scroll to top