‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने कोरबा के जल संरक्षण मॉडल की सराहना, सीएम साय बोले- बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

० अमृत सरोवर और कैच द रेन अभियान का किया जिक्र, मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश के नवाचारों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना और कैच द रेन अभियान के तहत जनभागीदारी से किए जा रहे प्रयास प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की। साथ ही आगामी गणेश उत्सव के दौरान स्थानीय मिट्टी से बनी पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं के उपयोग का भी आग्रह किया।
सीएम साय बोले- छत्तीसगढ़ का बढ़ा सम्मान
‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख कर प्रदेश का सम्मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रधानमंत्री बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम और मल्हार के ताम्रपत्र जैसी उपलब्धियों का जिक्र कर चुके हैं और इस बार कोरबा के जल संरक्षण कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी।




