#प्रदेश

बस्तर में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही, 485 छात्रों को थमा दी गलत मार्कशीट; कलेक्टर ने जारी किया नोटिस

Advertisement Carousel

 

० 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों को गलत अंकसूची मिलने से मचा भ्रम, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

जगदलपुर। बस्तर जिले में शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिले के विभिन्न विकासखंडों में कक्षा 5वीं और 8वीं के 485 विद्यार्थियों को गलत मार्कशीट वितरित कर दी गई, जिससे छात्रों और अभिभावकों में भ्रम और नाराजगी का माहौल बन गया।

मामले की जानकारी मिलते ही बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित बीईओ (BEO) और एबीईओ (ABEO) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित विद्यार्थियों की गलत अंकसूचियों को तत्काल सुधारकर सही मार्कशीट उपलब्ध कराई जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि केवल मार्कशीट बदलना पर्याप्त नहीं होगा। इस बात की भी विस्तृत जांच कराई जाएगी कि इतनी बड़ी चूक किन कारणों से हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो और छात्रों के हित प्रभावित न हों।