#अंतरराष्ट्रीय

जापान में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी; क्यूशू में रोकी गई ट्रेन सेवाएं

Advertisement Carousel

 

० कुमामोटो प्रांत में तेज झटकों के बाद अलर्ट, परमाणु संयंत्र सुरक्षित; चीन के छिंगहाई में भी 20 मिनट के भीतर दो भूकंप

टोक्यो। जापान के दक्षिणी कुमामोटो प्रांत में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने 1 मीटर तक ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तट और तटीय क्षेत्रों से तुरंत दूर रहने की अपील की है।

भूकंप के बाद सरकार ने दक्षिणी क्यूशू द्वीप के कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों के लिए आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की। एहतियात के तौर पर राहत और बचाव एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।

ट्रेन सेवाएं रोकी गईं, परमाणु संयंत्र सुरक्षित

भूकंप के बाद जेआर क्यूशू ने हाई-स्पीड शिंकानसेन समेत कई रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया। वहीं क्यूशू इलेक्ट्रिक पावर ने बताया कि सेंडाई और जेनकाई परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है और सभी सुरक्षा प्रणालियां सामान्य रूप से काम कर रही हैं।

‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है जापान

जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। यह प्रशांत महासागर के चारों ओर फैले ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की सक्रियता के कारण लगातार भूकंप आते रहते हैं। दुनिया में आने वाले 6.0 या उससे अधिक तीव्रता के लगभग 20 प्रतिशत भूकंप जापान में दर्ज किए जाते हैं।

चीन में भी दो बार कांपी धरती

इधर, चीन के छिंगहाई प्रांत में भी मंगलवार सुबह करीब 20 मिनट के अंतराल में दो भूकंप आए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप सुबह 11:16 बजे 5.7 तीव्रता और दूसरा 11:34 बजे 5.8 तीव्रता का था। दोनों भूकंप लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में आए।

फिलहाल चीन में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि भूकंप के झटके पड़ोसी गांसू प्रांत के लानझोउ शहर तक महसूस किए गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इमारतों के भीतर लगे लैंप हिलते हुए दिखाई दिए, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में चट्टानों से धूल के गुबार उठते नजर आए।