#प्रदेश

एमसीबी जिले में आकाशीय बिजली का कहर : तीन लोगों की मौत; पांच झुलसे, अस्पताल में भर्ती

Advertisement Carousel

० खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर और मंगोरा गांव में अलग-अलग हादसे, पुलिस ने शुरू की जांच

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के खड़गवां ब्लॉक में मंगलवार को आकाशीय बिजली ने कहर बरपा दिया। अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसों के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शिवपुर गांव में किसान खेत में धान रोपाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ग्राम पंचायत मंगोरा में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे पर भी बिजली गिर गई, जिससे उसकी जान चली गई।

पांच घायलों का इलाज जारी

इन घटनाओं में आकाशीय बिजली की चपेट में आए पांच लोग झुलस गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।